Thursday, March 12, 2020

ग़ज़ल

आज फिर उम्र की शाख़ से टूट कर एक लमहा ख़ला में बिखर जायेगा
इस् मुलाक़ात् का आख़्री ख़ाब भी मेरी आंखों में घुट घुट के मर जायेगा

एक यक़ीं था कि जिस का सहारा लिये मैंने पंजों के बल ज़िंदगी काट दी
कैसे कह दूं मेरी छत से वोह धूप में सिर्फ़ ज़ुल्फ़ें सुखाकर उतर जाएगा

ख़ुश्बुओं से सभी वास्ते तोड्कर यूं मुसलसल किसी फूल को देखना
ये अज़ीय्यत अगर यूं ही जारी रही एक दिन मेरा एहसास मर जायेगा

साएबानों में पाला गया है इसे ये खुले आसमानों से वाक़िफ़ नहीं
मान लो धूप की ज़द में आ भी गया छांव को देखते ही ठहर जायेगा

हिज्र् का मरहला भी गुज़र जायेगा जैसे लाखों मराहिल से गुज़्रे हैं हम
मेरी मंज़िल तो ये मयकदा आ गया हमसफ़र ये बता तू किधर जायेगा

No comments:

Post a Comment